नई दिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर एक बार फिर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी उन्हें फंसाने की साजिश कर रही है।
केजरीवाल ने ट्वीट कर बीजेपी पर यह निशाना साधा है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा है, ‘पंजाब के पहले पीएम बोले- केजरीवाल आतंकवादी है। गृह मंत्रालय (HM) ने जांच बैठा दी। क्या हुआ उसका? अब गुजरात और दिल्ली में एमसीडी चुनाव के पहले कह रहे हैं केजरीवाल भ्रष्ट है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘अरे, केजरीवाल आतंकवादी या भ्रष्ट है तो गिरफ़्तार करो ना? केजरीवाल ना आतंकवादी है ना भ्रष्ट।केजरीवाल जनता का लाडला है। इस से बीजेपी को तकलीफ़ है।’
आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी गुजरात विधानसभा चुनाव में खुद को भारतीय जनता पार्टी की मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में पेश कर रही है। आम आदमी पार्टी यहां सभी सीटों पर इस बार चुनाव लड़ेगी और माना जा रहा है कि कांग्रेस इस बार तीसरे स्थान पर जा सकती है।
ऐसे में केजरीवाल बीजेपी पर प्रहार का कोई भी मौका नहीं छोड़ते हैं। वे लगातार पार्टी को घेरते रहते हैं और कई तरह के आरोप लगाते रहते हैं। उन्होंंने दावा भी किया है कि गुजरात में उनकी पार्टी सरकार बनाने जा रही है।