Hindi English Marathi Gujarati Punjabi Urdu
Hindi English Marathi Gujarati Punjabi Urdu

अच्छे मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं हमारे पर्व : योगी आदित्यनाथ

समाज में होलिका, हिरण्यकश्यप हैं तो भक्त प्रहलाद और भगवान नृसिंह भी : सीएम समरसता का प्रतीक है होली

- Advertisement -

घंटाघर से निकलने वाली भगवान नृसिंह की रंग भरी शोभायात्रा में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री

गोरखपुर, 19 मार्च। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होली जैसे पर्व की परंपरा हमें अतीत से जोड़ती है। समाज में जिस प्रकार होलिका या हिरण्यकश्यप किसी न किसी रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं, उसी प्रकार भक्त प्रहलाद और भगवान नृसिंह भी बुराई पर अच्छाई के प्रतीक रूप में रहते हैं। होली जैसे पर्व हमें अच्छे मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। रंगों का यह पर्व समतामूलक समाज का प्रतिबिंब है।

सीएम योगी रविवार को होली के पावन पर्व पर घण्टाघर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, श्री होलिकोत्सव समिति की ओर से निकलने वाली रंग भरी शोभायात्रा के अवसर पर उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। सभी नागरिकों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का पर्व हमारी हजारों साल की विरासत की पहचान है। यह इस बात के लिए प्रेरित करता है कि चुनौती कितनी भी कठिन हो हमें सामूहिकता के भाव से अहर्निश प्रयास करना चाहिए। यदि हम ऐसा कर सकें तो विजयश्री अवश्य मिलती है। हमें सदैव सात्विक एवं सकारात्मक भाव से चुनौतीपूर्ण मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनौतीपूर्ण चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आप सभी विजयी हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रंगों के महापर्व के पूर्व हाल में सम्पन्न लोकतंत्र के महापर्व में जनता ने राष्ट्रवाद, सुशासन एवं विकास को चुना है। यूपी के परिणाम से अन्याय, अत्याचार, अराजकता और अव्यवस्था के खिलाफ लड़ने की इच्छा रखने वाले हरेक व्यक्ति के मन में उत्साह व उमंग है।

गोरखपुर की सभी विधानसभा सीटों पर लगी राष्ट्रवाद पर मुहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उल्लास का पर्व होली गोरखपुर के लिए और भी महत्वपूर्ण है। आजादी के बाद पहली बार जनपद की सभी 9 विधानसभा सीटों पर भाजपा को जीत दिलाकर जनता ने राष्ट्रवाद की मुहर लगा दी है। सुशासन को समर्पित अभियान में मंडल की 28 में से 27 सीटें भाजपा को दिलाकर लोगों ने हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

उपकार नहीं, दायित्व का निर्वहन किया सरकार ने
कोरोना संकटकाल में महामारी के साथ गरीबों को भुखमरी से बचाने के लिए केंद्र व यूपी सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने लोगों को बीमारी से बचाने के साथ उनकी जीविका को भी बचाया। उन्होंने कहा कि देश में 80 करोड़ तथा प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त डबल राशन दिया गया। ऐसा करके सरकार ने कोई उपकार नहीं किया बल्कि अपने दायित्व का निर्वहन किया।

जोश में होश पर भी रखें नियंत्रण
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी आस्था बहुत मजबूत है हमें पर्वों की श्रेष्ठ परंपराओं को सदैव बनाए रखना होगा होली में कहीं भी फूहड़ ता या अराजकता को स्थान नहीं मिलना चाहिए हमें जोश में होश नहीं खो रहा है शालीनता से त्यौहार मनाना है उन्होंने कहा कि जो लोग किन्ही कारणों से रंग नहीं खेलना चाहते हैं उन पर जबरन रंग ना डालें।

भगवान नृसिंह की आरती उतार सीएम योगी ने जमकर खेली होली
लोगों को होली की बधाई देने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान विष्णु की विधि विधान से आरती उतारी। उन्हें नारियल, गुझिया के साथ रंग, अबीर, गुलाल अर्पित किया। भगवान नरसिंह की पूजा करने के बाद योगी पूरी तरह होलीयाना मूड में आ गए। उन्होंने लोगों के ऊपर जमकर रंग, अबीर, गुलाल व गुलाब की पंखुड़ियां उड़ाईं। देखते ही देखते योगी समेत समूचा जनमानस रंगों में सराबोर हो गया। इस दौरान योगी-योगी और जय श्रीराम के नारों के बीच उत्सवी उल्लास आसमान पर था। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के निवर्तमान कैबिनेट मंत्री डॉ महेंद्र सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक डॉ पृथ्वीराज सिंह, प्रांत सह संघचालक डॉ महेंद्र अग्रवाल, प्रांत प्रचारक सुभाष जी, क्षेत्र प्रचारक अनिल जी, ओम जालान, श्री होलिकोत्सव समिति के डॉ अरुण प्रकाश मल्ल, मनोज जालान, वाराणसी से आए सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास आदि भी मौजूद रहे।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

The specified carousel is trashed.

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें