Hindi English Marathi Gujarati Punjabi Urdu
Hindi English Marathi Gujarati Punjabi Urdu

एग्जिट पोल: ..तो राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हो गई ‘फ्लॉप’, चुनावी राज्यों में नहीं दिख रहा कोई असर

गुजरात, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली एमसीडी के लिए आए एग्जिट पोल इशारा कर रहे हैं कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का कोई फायदा कांग्रेस को फिलहाल मिलता नहीं दिख रहा है। राहुल गांधी कांग्रेस को मजबूत करने के लिए देश भर में पूरे जोश के साथ भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं लेकिन चुनावी राज्यों में लग रहा है लोगों पर इस यात्रा का कोई खास असर नहीं पड़ा है। वोटर अभी भी कांग्रेस से बहुत दूर हैं। गुजरात में तो कांग्रेस की स्थिति खराब है ही दिल्ली में भी एमसीडी चुनाव में वह हाशिए पर दिख रही है। हिमाचल में कुछ एग्जिट पोल में वह टक्कर लेती जरूर दिख रही है लेकिन ज्यादातर एग्जिट पोल यहां भी बीजेपी की ही सरकार दिखा रहे हैं। ऐसे में तो यही लग रहा है कि राहुल गांधी की यह यात्रा एक तरह से फ्लॉप साबित हुई है।

- Advertisement -

 

राहुल गांधी 12 राज्यों से होते हुए 3,500 किलोमीटर से ज्यादा का पैदल सफर कर रहे हैं। इसके जरिए वह न सिर्फ पार्टी को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि नए लोगों को भी जोड़ने में जुटे हैं। लेकिन एग्जिट पोल उनकी यात्रा पर अब सवाल खड़े कर रहा है। एग्जिट पोल के आंकड़े अगर रिजल्ट में बदले तो फिर यह पूरी यात्रा सवालों के घेरे में होगी कि आखिर इसका फायदा कांग्रेस को क्या हुआ? आखिर लोग राहुल के साथ क्यों नहीं जुड़ पा रहे हैं?

 

गुजरात में कहीं नहीं है कांग्रेस टक्कर में

गुजरात को लेकर नौ एजेंसियों ने सर्वे किया था। सभी का अनुमान है कि भारतीय जनता पार्टी की सत्ता सूबे में बरकरार रहेगी। भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। यही नहीं, पिछली बार के मुकाबले इस बार सीटों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। सभी सर्वे की बात करें तो किसी भी सर्वे ने भाजपा को 110 से कम सीट नहीं दी है। ये आंकड़ा अधिकतम 151 तक जा रहा है। ऐसा होता है तो गुजरात के चुनावी इतिहास में ये नया रिकॉर्ड होगा।

 

 

हिमाचल प्रदेश में टक्कर है लेकिन कांग्रेस के लिए मुश्किल भी है

हिमाचल में कांग्रेस और सत्ताधारी पार्टी भाजपा के बीच टक्कर है लेकिन फिर भी नौ में से छह सर्वे ने अनुमान लगाया है कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा दोबारा सरकार बनाने जा रही है। यानी केवल तीन ही सर्वे में मुकाबला बेहद कांटे का बताया गया है। आजतक एक्सिस माय इंडिया ने कांग्रेस की सत्ता में वापसी का अनुमान लगाया है। 68 विधानसभा सीटों वाले हिमाचल में बहुमत के लिए 35 सीटों की जरूरत पड़ती है। आजतक एक्सिस माय इंडिया के सर्वे में कांग्रेस को 30 से 40 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। भाजपा को 24 से 34 सीटें मिल सकती हैं। मतलब अगर एग्जिट पोल के ओवरऑल आंकड़े देखें तो भाजपा की जीत तय है।

 

 

दिल्ली एमसीडी में फिर ढेर हो गई कांग्रेस

तमाम एग्जिट पोल में बताया गया है कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में 15 साल से एमसीडी में काबिज भाजपा के हाथ से सत्ता चली जाएगी। आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत हो सकती है। आजतक एक्सिस माय इंडिया ने आप को 149 से 171, टाइम्स नाऊ ईटीजी ने 146 से 156, इंडिया न्यूज जन की बात ने 150 से 175, टीवी9 ऑन द स्पॉट ने 145 और जी न्यूज बार्क ने आम आदमी पार्टी को 134 से 146 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। वहीं, भाजपा को 70 से 94 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस के खाते में तीन से 14 सीटें जा सकती हैं। ऐसे में साफ है कि यहां भी कांग्रेस सबसे नीचे पायदान पर है।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

The specified carousel is trashed.

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें